हाथरस। दिव्यांगों से ठगी करने के आरोपियों के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच-पड़ताल के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी करने की बात कह रही है।
ठगी के शिकार दिव्यांग रविवार को फिर सदर कोतवाली पहुंचे और ठगी करने वाले आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। दिव्यांगों ने सदर कोतवाल मनोज शर्मा से कहा कि पैसे वापस दिलाने से काम नहीं चलेगा। सदर कोतवाल मनोज शर्मा ने दिव्यांगों की शिकायत पर दो नामजद और तीन अन्य लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। मालूम हो कि दोनों नामजद दिव्यांगों के साथ ठगी कर रहे हैं। विकलांग जन कल्याण यूनियन एवं विकलांग शोषण मुक्ति संस्थान ने इस संबंध में सदर कोतवाली पुलिस से शिकायत कर कहा था कि जिला विकलांग कल्याण बोर्ड से 50 हजार रुपये दिलाने का भरोसा दिलाकर प्रत्येक से 500 रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक लिए गए।