कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवती की वीडियो वायरल होने से उसकी मौत की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वीडियो में युवती अपने एक रिश्तेदार से प्रेम विवाह करने की बात कह रही है और इसका विरोध कर रहे अपने परिजनों पर हत्या करने की आशंका जता रही है। उधर, चर्चाएं हैं कि युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।
बता दें कि नगर का एक परिवार पिछले कुछ वर्षों से मुंबई में रह रहा है। बताते हैं कि इसी परिवार की एक लड़की को अपने रिश्तेदार से प्रेम हो गया और उसने उससे निकाह करने का निर्णय ले लिया। परिजनों को जब यह बात पता लगी तो उन्होंने किसी कारण से उस लड़के से शादी करने से इंकार कर दिया।
परिजनों के इंकार का लड़की पर कोई असर नहीं हुआ और वह उसी लड़के से निकाह के निर्णय पर अड़ गई। यह बात परिजनों को नागवार गुजरी और उन्होंने लड़की को खत्म करने का प्लान बना लिया। बताते हैं कि किसी तरह लड़की को इस बात का पता लग गया और उसने मौका पाकर ट्रेन के टॉयलेट में जाकर पूरी घटना की वीडियो बना ली और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। किसी तरह यह वीडियो वायरल हो गया।
इस वीडियो में लड़की कह रही है कि परिजन उसकी शादी के खिलाफ हैं और उसकी हत्या करना चाहते हैं। इसी इरादे से मुझे सिकंदराराऊ ले जा रहे हैैं। मैं बालिग हूं और अपनी मर्जी से शादी करना चाहती हूं। लड़की ने वीडियो में कुछ लोगों के नाम भी लिए हैं, जिनसे उसे खतरा है।
इधर, सिकंदराराऊ आने के बाद शुक्रवार को लड़की की मौत हो गई और उसके बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। एसओ गंगाप्रसाद यादव का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि कोई तहरीर आती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।