क्षेत्र के गांव कुरसंडा में एक युवक का भड़काऊ ऑडियो वायरल होने के बाद हंगामा खड़ा हो गया। ऑडियो में दूसरे समुदाय का यह युवक गांव में सभी का धर्म परिवर्तन कराने का एलान कर रहा था। हालांकि पुलिस की मानें तो उसने ऑडियो में यह सब बातें नशे की हालत में कही हैं।
ग्रामीणों ने युवक की पिटाई कर उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। आक्रोशित लोगों ने एक धर्मस्थल पर ताला जड़ दिया और उस पर लगे लाउडस्पीकर भी उतारकर फेंक दिए, जिससे गांव में तनाव फैल गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक गांव में दूसरे समुदाय के एक युवक की ऑडियो क्लिप वायरल हुई, जिसमें वह कह रहा है उसने एक लड़की का धर्म परिवर्तन करा दिया है। वह सभी का धर्म परिवर्तन करा देगा। आने वाले समय में उस धर्म के लोगों का राज होगा। यह ऑडियो जैसे ही गांव में वायरल हुआ, तो विवाद खड़ा हो गया।
जिस समुदाय के खिलाफ ऑडियो में यह बातें कही गई थीं, उस समुदाय के लोग भड़क गए। उन्होंने युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट कर दी। इसके बाद इन लोगों ने एक धर्मस्थल में ताला लगा दिया और वहां से लाउडस्पीकर उतारकर फेंक दिए। वहां जमकर नारेबाजी भी की गई, जिससे गांव का माहौल गर्मा गया।
सूचना पर कोतवाली सादाबाद पुलिस भी गांव पहुंच गई। बताते हैं कि इसे लेकर गांव में पंचायत भी हुई। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। वहां पुलिस ने उससे पूछताछ की। पुलिस देर शाम तक इस मामले में तहरीर का इंतजार करती रही, लेकिन जब तहरीर नहीं आई तो पुलिस ने हिरासत में लिए गए युवक बब्बन पुत्र सिराजुद्दीन निवासी कुरसंडा का शांति भंग के आरोप में चालान कर दिया। सीओ सादाबाद योगेश कुमार का कहना है कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।