मेंडू रोड पर शनिवार सुबह हुए एक सड़क हादसे ने होली के त्यौहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। गांव रतनगढ़ी से बाइक पर हाथरस की ओर आ रहे युवकों को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उपचार आगरा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक गांव रतनगढ़ी के रहने वाले शिवकुमार उर्फ गुड्डू पुत्र रामदास अपनी बुआ के बेटे सूरज पुत्र साहब सिंह निवासी दिल्ली और दिल्ली निवासी एक अन्य युवक राज के साथ बाइक से शनिवार सुबह हाथरस आ रहा था। तभी बाइक को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
शिवकुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूरज और राज को गंभीार अवस्था में जिला अस्पताल से आगरा रेफर कर दिया गया। खंदौली के पास सूरज ने भी दम तोड़ दिया। राज का उपचार आगरा में जारी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। कोतवाल जगदीश चंद्र के मुताबिक आरोपी ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।