घटना के बाद पड़ताल के लिए पहुंची पुलिस।
- फोटो : Amar Ujala
मथुरा रोड स्थित गांव हतीसा में शनिवार शाम पड़ोसी गांव भगवंतपुर के 24 वर्षीय युवक नरेंद्र पुत्र भूरी सिंह का शव नलकूप की कुंडी में मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगा शव को मथुरा-बरेली राजमार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एएसपी और एसडीएम ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया तब जाकर जाम खोला गया।
इससे पहले गांव के लोगों ने भी अपनी बाइक और कारों को सड़क पर आड़ा-तिरछा खड़ाकर जाम लगवाने में परिजनों की मदद की। मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोक-झोंक हुई। सदर कोतवाली और हाथरस गेट पुलिस के अलावा मुरसान, चंदपा, सादाबाद थाने से भी फोर्स बुलाया गया। घटनास्थल से पुलिस को हाथरस नंबर की एक लावारिस बाइक भी मिली है। हत्यारों का सुराग लगाने के लिए मौके पर डॉग स्क्वॉयड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया गया। एएसपी अरविंद कुमार के मुताबिक युवक अविवाहित है। उसके पिता रेलवे के रिटायर्ड गैंगमैन हैं। जिस नलकूप की कुंडी में उसका शव मिला है, उसमें पानी काफी कम था।
उन्होंने बताया कि युवक की पीठ पर चोट के निशान हैं। शव के पास शराब की खाली बोतल भी मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही यह तय हो सकेगा कि हत्या हुई है या नहीं। शव का रात में ही पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजन जो भी तहरीर देंगे, उस पर मुकदमा दर्ज करा दिया जाएगा। जहां तक जाम लगाने के दौरान पुलिस से अभद्रता का सवाल है तो केवल नोक-झोंक हुई है।