सासनी इगलास बॉर्डर पर लूट का शिकार दंपती कोतवाली में शिकायत करने जाते हुए।
- फोटो : Amar Ujala
इगलास-सासनी रोड पर बसगोई चौराहे के निकट शनिवार की सुबह बाइक सवार दंपती को बदमाशों ने हथियारों के बल पर लूट लिया। अपाचे बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे की बट मारकर पहले तो दंपति की बाइक रुकवाई और उसके बाद महिला से जेवर एवं मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
दंपती अलीगढ़ जिले की कोतवाली इगलास क्षेत्र के गांव ताहरपुर से अपनी ससुराल थाना सासनी के गांव जगीपुर में एक कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और बदमाशों की तलाश में जुट गई। पीड़ित ने इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दे दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्राम ताहरपुर निवासी रमेशचंद्र दीक्षित के पुत्र दीपेश दीक्षित शनिवार की सुबह करीब नौ बजे अपनी ससुराल गांव जगीपुर में आयोजित मंदिर के वार्षिकोत्सव में भाग लेने के लिए अपनी पत्नी रेखा के साथ बाइक से जगीपुर जा रहे थे। इगलास-सासनी रोड पर जैसे ही बसगोई चौराहे के निकट आए, वैसे ही पीछे से आ रही अपाचे बाइक पर सवार नकाबपोश बदमाशों ने दीपेश के सिर पर तमंचे की बट से प्रहार किया, जिससे उसका सिर फट गया।
वह बाइक सहित गिर गया। इसके साथ ही बदमाशों ने उसकी पत्नी को गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने पैंडल, झाले, मंगलसूत्र, तीन अंगूठी सोने की और एक मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गए। दिन-दहाड़े लूट की सूचना से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सासनी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। बदमाशों की तलाश में कई जगह दबिशें दी गईं, लेकिन पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा।
पुलिस ने इगलास पहुंचकर सीसी टीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली हैं। पीड़ित दीपेश की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल सासनी प्रदीप कुमार का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और उनकी तलाश भी सरगर्मी से जारी है। जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।