लूट की वारदातें अब तेजी से होने लगी हैं। चंदपा क्षेत्र में लूट की वारदात के बाद शनिवार शाम को शहर के गौशाला रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने एक डॉक्टर की पत्नी की झपट ली। वारदात के बाद पुलिस देर तक जांच-पड़ताल में जुटी रही। नाकेबंदी कर बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन वह हाथ नहीं आए।
गौशाला रोड स्थित बैनीराम बाग में रोज शाम को पांच बजे लोग योग करने के लिए जुटते हैं। भूरापीर निवासी डॉ. आरपी मिश्रा की पत्नी सुनीता मिश्रा भी रोज योग करने वहां जाती हैं। शनिवार शाम को करीब पौने पांच बजे वह बैनीराम बाग की ओर जा रही थीं। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले से डेढ़ तोले सोने की चेन तोड़ ली। काले रंग की बिना नंबर की अपाचे बाइक पर सवार दोनों बदमाशों ने चेहरा ढका हुआ था।
एक ने हेलमेट लगा रखा था और दूसरे ने कपड़े से चेहरा छिपा रखा था। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार मेंडू रोड की ओर भाग गए। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि पास ही यूपी 100 की पीआरवी खड़ी थी। इसके बावजूद बाइक सवारों ने लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। वारदात के बाद सुनीता मिश्रा सदमे में आ गईं और बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं। लोगों की सूचना पर मेंडू गेट चौकी इंचार्ज मनोज शर्मा मौके पर पहुंच गए और जांच-पड़ताल में जुट गए। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जल्द आरोपियों को दबोचने की बात कह रही है।