कोतवाली हसायन पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के सरगना एवं पांच हजार रुपये के ईनामी बदमाश को दबोचने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की नौ बाइकें भी बरामद की हैं, जबकि इसके दो साथी पुलिस टीम को चकमा देकर भाग गए।
कोतवाली हसायन में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सुशील घुले के निर्देश पर पुलिस क्षेत्राधिकारी सिकंदराराऊ के निर्देशन में एसओ हसायन प्रवीण कुमार द्वारा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही थीं। एएसपी ने बताया कि एसओ को मुखबिर से सूचना मिली की कि पांच हजार रुपये का ईनामी पंकज पुत्र तेज सिंह निवासी बस्तोई अपने कुछ अन्य साथियों के साथ सिकंदराराऊ की ओर से आ रहा है। सूचना पर एसओ पुलिस बल के जाऊ नहर पर पर पहुंचकर इन बदमाशों के आने का इंतजार करने लगे। पुलिस ने देखा की ईनामी बदमाश पंकज और उसके दो अन्य साथियों के साथ सिकंदराराऊ की तरफ से चोरी की मोटर साइकिलों पर सवार होकर आ रहे हैं। पुलिस को देखकर यह भागने का प्रयास करने लगे।
पुलिस ने इनामी पंकज को तो मौके पर दबोच लिया, जबकि उसके दो अन्य साथी अजमत निवासी नगला शीशधर कोतवाली सिकंदराराऊ और भानुप्रताप उर्फ कल्लू निवासी अजगरा कोतवाली हसायन चोरी की बाइकों को छोड़कर भाग गए। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ के बाद पंकज की निशानदेही पर चोरी की कुल नौ बाइकें बरामद की गई हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार पंकज पर कोतवाली हाथरस जंक्शन और हसायन में चोरी आदि आपराधिक घटनाओं के 10 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उसके साथी अजमत पर एक और भानुप्रताप उर्फ कलुआ पर दो आराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस पार्टी में एसओ के अलावा उप निरीक्षक बिजेंद्र सिंह और जितेंद्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल विजय सिंह, आदेश कुमार, शीलेंश कुमार, राहुल कुमार, अमित कुमार आदि प्रमुख थे।एसपी ने इस खुलासे के लिए पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है।