घोटाले का आरोपी पूर्व ग्राम प्रधान।
- फोटो : amar ujala
विकास खंड सहपऊ की ग्राम पंचायत सुल्तानपुर के पूर्व प्रधान को शौचालय निर्माण के लिए मिली सरकारी धनराशि के गबन के आरोप में कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसी साल 18 जनवरी को एडीओ पंचायत दिनेश सिंघल ने डीएम के आदेश पर कोतवाली में सुल्तापुर के पूर्व प्रधान हरिप्रकाश यादव और पूर्व पंचायत सचिव हरिकेश यादव के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दोनों पर शौचालय निर्माण के लिए मिली 33 लाख की धनराशि के गबन का आरोप है। सरकारी धन के गोलमाल के आरोप में हरिकेश यादव पहले से जेल में बंद है।
एडीओ पंचायत के मुताबिक ग्राम सुल्तानपुर में कई स्तर पर शौचालय निर्माण की जांच कराई गई। अंत में टेक्निकल टीम ने जांच करते हुए पाया कि सरकार की ओर से 421 शौचालयों के निर्माण के लिए धनराशि जारी की गई थी। इन शौचालयों में से गांव में केवल 20 शौचालय बने मिले। 201 शौचालय बनाकर तोड़ दिए गए, जबकि 152 शौचालयों का निर्माण ही नहीं किया गया। इसके बावजूद इन सभी की धनराशि खाते से निकाल ली गई। इसके लिए कई बार शिकायतें की गईं। डीएम अमित कुमार सिंह ने टेक्निकल टीम की जांच रिपोर्ट आते ही डीपीआरओ को रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए थे।
इस क्रम में एडीओ पंचायत दिनेश सिंघल ने इन दोनों के विरुद्ध सरकारी धन के गबन के आरोप में एफआईआर दर्ज करा दी थी। अब प्रभारी कोतवाली अवधेश कुमार एवं एसआई अरुण कुमार ने आरोपी पूर्व प्रधान हरि प्रकाश यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूर्व सेक्रेटरी हरिकेश यादव पहले से ही धाधऊ ग्राम पंचायत में अंत्येष्टि स्थल एवं शौचालय निर्माण की धनराशि के गबन के आरोप में जेल में बंद है।