सहपऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव रसगांव में एक अधेड़ की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव पेड़ पर लटका हुआ मिला। मृतक के बेटे ने गांव के ही कुछ लोगाें पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस को इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।
गांव निवासी में सत्यवीर बघेल पुत्र मुंशीलाल बघेल का शव गांव के नजदीक से गुजरने वाली नहर के पास एक आम के पेड़ पर लटका मिला। इसकी जानकारी पर लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। उसके सबसे बड़े पुत्र सुभाष ने गांव के ही कुछ लोगाें पर उसके पिता की हत्या कर शव पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया है। सुभाष के मुताबिक रविवार सुबह उसके पिता का गांव के ही कुछ दबंग लोगों से झगड़ा हो गया था। दबंगों ने पिता के साथ मारपीट भ्ज्ञी की थी। कुछ दिन पहले उसके चाचा तेजपाल की भी इन्हीं लोगों ने पिटाई की थी। बात अधिक बढ़ने पर इन्हीं लोगों ने मिलकर पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाली प्रभारी के मुताबिक अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या का कारण स्पष्ट होगा।