हाथरस। हाथरस के 22 वर्षीय छात्र भूपेंद्र पुत्र ओंकार सिंह निवासी नगला उम्मेद का शव 21 घंटे बाद मथुरा में यमुना नदी से बरामद हो गया। भूपेंद्र ने गुरुवार की दोपहर को यमुना नदी में छलांग लगाई थी। गुरुवार को परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में शाम ढलने से पहले तक यमुना में उसकी तलाश कराई गई थी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली थी। शाम को परिजन और ग्रामीण मायूस लौट आए थे। शुक्रवार को फिर मथुरा पुलिस-प्रशासन ने परिजनों की मौजूदगी में यमुना में तलाशी अभियान चलवाया, जिसके बाद भूपेंद्र का शव मिल गया।
शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन सदमे की हालत में थे। उनका रो-रोकर बुरा हाल था। शुक्रवार की शाम तक भूपेंद्र का शव यहां अलीगढ़ रोड स्थित उसके गांव नगला उम्मेद लाया गया। बेहद गमगीन माहौल में भूपेेंद्र के शव का अंतिम संस्कार किया गया। बी.कॉम अंतिम वर्ष के छात्र भूपेंद्र के लापता होने के बाद से ही परिजनों की हालत खराब थी। परिजनों के अनुसार भूपेंद्र व्यक्तिगत कारणों से काफी परेशान था।