चंदपा पुलिस और यूपी 100 ने सोमवार दोपहर करीब 12 बजे चेकिंग के दौरान शक होने पर एक केंटर को रोका। राजस्थान के पाली जिले से यह केंटर भैंसों को लेकर अलीगढ़ के कट्टीघर जा रहा था।
पुलिस ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
चंदपा एसओ रमाकांत पचौरी के मुताबिक केंटर में 14 पशु थे। इनमें दो भैंसे भी शामिल थे। गाड़ी में दम घुटने से दो भैंस की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने थाने में ही सभी पशुओं को बांधा हुआ है।
जल्द ही इन्हें किसी पशु पालक के सुपुर्द कर दिया जाएगा। वहीं मृत भैंसों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें दफनाया गया है। पुलिस ने मौके से चालक इकराम पुत्र इस्लाम, परिचालक बबलू पुत्र शरीफ और चांद पुत्र अज्जो निवासीगण किरावली, थाना अछनेरा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11/13 और आईपीसी की धारा 429 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।