सिकंदराराऊ (ब्यूरो)। नगर के मोहल्ला नौरंगाबाद निवासी पशु व्यापारी युवक को कोतवाली पुलिस ने रविवार की रात्रि एटा रेलवे फाटक पर पैसे न देने पर बुरी तरह पीटा। युवक की जेब में रखे 11400 रुपयों में केवल 5500 रूपये ही मिले हैं, शेष रुपये भी गायब हैं। गुस्साए मोहल्ले वालों ने रात्रि में ही कोतवाली का घेराव किया। पुलिस कर्मियों के खिलाफ तहरीर पर घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराया है। कोतवाल के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।
बता दें कि मोहल्ला निवासी युवक खालिद पुत्र अशरफ पशुओं की खरीद फरोख्त का व्यवसाय करता है। रविवार की रात्रि में वह डीसीएम में छह भैंसे लाद कर तिरवा से अलीगढ़ जा रहा था। एटा रोड स्थित रेलवे फाटक से पहले कोतवाली की पेट्रोल जीप ने गाड़ी रोक ली तथा पैसे मांगे।
युवक ने दस्तूरी के हिसाब से सौ रुपये दिए लेकिन पुलिस वाले ज्यादा रुपये की मांग करने लगे। न देने पर एक दरोगा तथा तीन सिपाहियों ने खालिद को गाड़ी से नीचे खींच लिया तथा सड़क पर गिरा कर लाठियों से पीटा। इससे खलिद की पसलियों तथा घुटने में गम्भीर चोटें आई तथा सड़क पर तड़फने लगा। आरोप है कि कर्मियों ने जेब में रखे 11400 रुपये भी निकाल लिये। मोहल्ले में जब यह खबर पहुंची तो भीड़ कोतवाली पर पहुंच गई तथा विरोध करते हुए घेराव कर लिया।
दबाव के चलते पुलिस ने स्वीकर किया कि खालिद की जेब में 5500 रुपये थे। दरोगा तथा सिपाहियों के खिलाफ तहरीर के आधार पर खालिद का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। कोतवाल विनोद कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा दोषी पाये जाने पर कार्रवाई होगी।