हाथरस। जलभराव और गंदगी को लेकर गुरुवार को जलेसर रोड के बाशिंदों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने जलेसर रोड को जाम कर दिया और नगर पालिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिसकर्मियों से भी इन प्रदर्शनकारियों की नोक-झोंक हो गई। इधर, राहगीर भी जाम लगा रहे लोगों से उलझ गए।
जलेसर रोड पर काफी समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। पालिका द्वारा नियमित रूप से नाले नालियों की साफ सफाई नहीं किए जाने से स्थानीय लोगों में काफी समय से गुस्सा बना हुआ था। कई बार लोगों ने नगर पालिका के अफसरों और चेयरमैन से भी समस्या से निजात दिलाए जाने की गुहार लगाई थी, लेकिन समस्या जस की तस बने रहने के कारण गुरुवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने जलेसर रोड पर ढकेल आदि लगाकर जाम लगा दिया और नगर पालिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप था कि जलेसर रोड की हालत काफी खराब है। जलभराव और गंदगी से बीमारियां फैल रही हैं। बच्चे भी आए-दिन इस जलभराव में गिर जाते हैं। राहगीरों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पालिका के अधिकारी गहरी नींद में सोए हुए हैं। मौके पर पुलिस पहुंच गई और लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया। इस संबंध में स्थानीय निवासियों ने डीएम से भी लिखित रूप से शिकायत की। शिकायत करने वालों में हरीओम, हरवंश, मनीष कुमार, शशीकांत, विनोद, गणेश, श्यामसुंदर, विजय शर्मा, दिनेश, छोटू, दीपक कुमार, मुकेश आदि थे।
कुछ दिन पूर्व जलेसर रोड पर पाइप टूट गई थी। इसे सही कराने के लिए नाला खुदवाया गया है और उसका पानी रोकने के लिए बंधा लगाया था, जिससे यह जलभराव हुआ है। बंधा हटवा दिया है। शुक्रवार तक पाइप भी सही करा दी जाएगी।- वासुदेव माहौर, चेयरमैन प्रतिनिधि