महिला की मौत के बाद गांव विशुनदास में लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। कोतवाली मुरसान क्षेत्र के गांव विशुनदास में संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत हो गई। सूचना के गांव पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
राजस्थान के जनपद भरतपुर के गांव ओल सांतरा निवासी जगवीर सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी इंदुलेश की शादी तीन वर्ष पहले मुरसान के गांव विशुनदास निवासी रिंकू पुत्र गोपाल के साथ की थी। आरोप है कि उनकी बेटी को ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज के लिए आए-दिन परेशान करते थे। 16 अप्रैल को बेटी ने फोन कर उसे परेशान किए जाने की जानकारी देते हुए अपनी ससुराल बुलाया था। दहेज में 50 हजार रुपये की मांग किए जाने का आरोप है।
17 अप्रैल बुधवार की सुबह करीब 11 बजे मायके पक्ष के लोगों को सूचना मिली कि उनकी बेटी की मौत हो गई है। मायके पक्ष के लोग गांव विशुनदास पहुंचे तो उन्हें इंदुलेश का शव आंगन में पड़ा मिला। इस पूरे मामले को लेकर पुलिस को पिता ने तहरीर देते हुए ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है।