Sikandra Rao police Investigation
- फोटो : amar Ujala
कस्बा पुरदिलनगर में 22 वर्षीय युवक प्रतीक पुत्र अविनाश सिंह की बुधवार शाम कुल्हाड़ी से सिर फाड़कर हत्या कर दी गई। उसका शव कस्बे में जलेसर बाईपास रोड के पास मिला। घटनास्थल पर दो बाइकें भी पड़ी मिलीं। पुलिस ने इसे हादसा बताया तो परिजनों ने कोतवाली में हंगामा कर दिया। मृतक की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एटा जनपद के पटियाली थाना क्षेत्र के गांव बहोरनपुर निवासी सरोज देवी के पति अविनाश सिंह पुरदिलनगर में डॉक्टर की प्रैक्टिस करते हैं। सरोज ने बताया कि वह 28 जून को ही पुरदिलनगर आई थी। शाम को लगभग सात बजे प्रतीक को राजू पुत्र तैमूर खां, सारिक पुत्र अय्यूब खां, शौकत अली, वली अहमद पुत्र अली अहमद निवासी पुरदिलनगर, राजेंद्र प्रसाद पुत्र नरायन सिंह निवासी गांव देवला नोएडा और विजय पुत्र रिषीपाल निवासी एटा जबरन अपने साथ ले गए। काफी देर तक बेटा वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देर रात उसका शव जलेसर बाईपास पर पड़ा हुआ मिला। उसके सिर पर कुल्हाड़ी और छुरे से वार कर काटा गया था।
इधर घटनास्थल पर दो बाइकें मिलीं, जिसमें एक पुरदिलनगर की और दूसरी दिल्ली की बताई जा रही है। पुलिस इस घटना को हादसा बता रही थी। इस पर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनाें और कस्बे के अन्य लोगों ने कोतवाली सिकंदराराऊ, सीएचसी
पर हंगामा शुरू कर दिया। इससे पूर्व सीएचसी पर भी हंगामा किया। बाद में पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। तब जाकर गुरुवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार द्विवेदी के अनुसार परिजनों के तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।