न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सादाबाद। दो लोगों के बैंक खातों से हैकरों ने 77,262 रुपये पार कर दिए। इस संबंध में थाने में पीड़ित लोगों द्वारा तहरीर दी गई है। तहरीर पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की तैयारी कर रही थी।
गांव गढ़ी एवरन निवासी हरी सिंह पुत्र महावीर सिंह ने थाने में तहरीर दी है। तहरीर में आरोप है कि उसका खाता बैंक ऑफ इंडिया शाखा सादाबाद में है। खाते का एटीएम कार्ड था, लेकिन खाते से 40 हजार रुपये निकल गए थे, इसलिए उसने वर्ष 2014 में यह एटीएम कार्ड बैंक मैनेजर को दे दिया था। मैनेजर ने उसे बताया था कि उसका एटीएम कार्ड ब्लॉक कर दिया गया है, लेकिन एटीएम कार्ड बंद होने पर भी उसके खाते से 48,820 रुपये कई दिनों में हैकरों द्वारा निकाल लिए गए।
इसके अलावा गांव बामौली मुरसान निवासी संजय कुमार पुत्र रमेशचंद्र ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि उसका खाता पंजाब नेशनल बैंक सादाबाद में है। संजय के खाते से 22 दिसंबर को क्रमश: 9555 और 9999, 8888 रुपये का किसी व्यक्ति ने ऑनलाइन ट्रांजक्शन कर लिया है, लेकिन मोबाइल पर कोई ओटीपी भी नहीं आया। उसने अपने डेबिट कार्ड को ब्लॉक भी करा दिया है।