क्राइम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
कोतवाली पुलिस ने तीन अंतर्राज्यीय शातिर अपराधियों पर एसपी की संस्तुति के बाद गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। इन पर लूट, डकैती के चार दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। तीनों पर गैंगस्टर की धाराओं में पुलिस ने कार्रवाई की है।
कोतवाल जेएस पंवार के निर्देशन में उनकी टीम ने 18 जुलाई को अंतरराज्यीय शातिर लुटेरे चंद्रपाल पुत्र देवीराम निवासी गली नंबर एक साहिबाबाद थाना सासनी गेट अलीगढ़, कपिल उर्फ छोटे पुत्र सोमवीर निवासी कस्बा जवां अलीगढ़ और शिवा पुत्र विजेंद्र ठाकुर निवासी अतरौली थाना भौजपुर जनपद गाजियाबाद को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था।
कपिल पर 28 और चंद्रपाल पर 22 मुकदमे लूट, डकैती के अलग अलग जनपदों में दर्ज हैं। चंद्रपाल ने अलीगढ़ में कई करोड़ की लूट की घटना को अंजाम दिया था। जिसका खुलासा कोतवाली पुलिस ने किया था। एसपी जयप्रकाश की संस्तुति के बाद अब तीनों शातिरों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है।
तीनों शातिर जेल में बंद हैं। जेएस पंवार ने बताया कि ये उत्तर प्रदेश में ही नहीं अन्य राज्यों में भी लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।