क्राइम डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
होली के त्योहार पर हुए फायरिंग, मारपीट और पथराव की घटनाओं ने रंग में भंग कर दिया। हाथरस जंक्शन के गांव बौझिया और नगला अलिया में फायरिंग हुई, तो शहर के सिद्धार्थ के अलावा गांव हतीसा, रुहेरी, लहरा, टुकसान सहित कई जगहों पर मारपीट हुई।
कई स्थानों पर होली के त्यौहार पर अपनी रंजिश निकाली। कहीं पर पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग को कहीं पर पथराव किया गया। कोतवाली हाथरस जंक्शन के गांव बौझिया में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में मारपीट और फिर फायरिंग हुई। इसमें शिमला देवी पत्नी कुंवर सेन और ऋषभ पुत्र कुंवरसेन के छर्रे लग गए।
वहीं विजय पुत्र मोहनलाल को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर घायल कर दिया गया। तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से विजय को गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। नगला अलिया में कुछ लोगों द्वारा हवाई फायरिंग की गई। यहां पर सीओ व एसडीएम सूचना के बाद पहुंचे, लेकिन फायरिंग करने वाले फरार हो गए।
कोतवाली हाथरस गेट के गांव रुहेरी, तमना गढ़ी, टुकसान, लहरा आदि गांवों में होली पर पुरानी रंजिश के चलते मारपीट हो गई। इसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने कई घटनाओं में अपनी कार्रवाई की तो कुछ मामले सुलह समझौते के आधार पर निपट गए।