न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला हीरासिंह (सराय अमर सिंह) में रविवार की रात को चोरों ने धावा बोल दिया। यहां पर उन्होंने दो घरों को निशाना बनाकर नकदी, मोबाइल व चांदी के आभूषण पार कर ले गए। चोरों की आहट होने पर खुली नींद के बाद जगार हो गई। ग्रामीणों ने एक संदिग्ध को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया है।
थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र में कई दिनों से चोरी की घटनाएं हो रही हैं। नगला हीरासिंह में रविवार की रात को दिनेश कुमार पुत्र रामचंद्र और उदल सिंह पुत्र गिरधारी के घर में चोर दाखिल हो गए। घर में सो रहीं महिलाओं को चोरों की आहट महसूस हुई तो उन्होंने परिवार के अन्य लोगों को जगाया और देखा कि घर में सारा सामान बिखरा पड़ा है। महिलाओं ने घर से बाहर निकल कर शोर मचा दिया। यह देख चोर भाग खड़े हुए। ग्रामीणों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया और 100 डायल पर दी गई सूचना के बाद पुलिस गांव पहुंच गई।
ग्रामीणों ने पकड़े हुए व्यक्ति को पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि दिनेश के घर से पाजेब और एक मोबाइल चोरी गया है। वहीं उदल सिंह के घर से चोर पांच मोबाइल और 20 हजार रुपये पार कर ले गए। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही है। कोतवाली हाथरस जंक्शन प्रभारी सीपी सिंह ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा पकड़ गए दिए गए व्यक्ति से पूछताछ चल रही है। अभी तक उसने कुछ भी नहीं बताया है। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।