क्राइम न्यूज, अमर उजाला, हाथरस।
कोतवाली हाथरस गेट के गांव नगला दया में हुई चोरी की घटना के मामले में आरोपियों के न पकड़े जाने से ग्रामीणों में गुस्सा है। सोमवार को दर्जनों ग्रामीण कोतवाली हाथरस गेट पहुंच गए और बदमाशों की तलाश कर, उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार/शनिवार की रात को नगला दया निवासी भूरी सिंह के घर पर बदमाशों ने धावा बोल दिया था। यहां पर जगार होने के कारण बदमाशों व ग्रामीणों के बीच भिड़त हो गई थी।
एक बदमाश को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया था और तीन फरार हो गए थे। यहां पर बदमाशों की पिटाई से रजनी देवी पत्नी अजीत सिंह, जल्ला देवी पत्नी भूरी सिंह और अजीत पुत्र भूरी सिंह घायल हो गए थे।
पुलिस ने चोरी के एक आरोपी रिषी कुमार पुत्र हरपाल सिंह निवासी नगला बनारसी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, लेकिन तीन दिन बीतने पर भी अभी तक भागे बदमाश के तीन साथियों को पुलिस नहीं पकड़ सकी।
इस बात से गुस्साए दर्जनों महिला पुरुष सोमवार को कोतवाली हाथरस गेट पहुंचे। यहां पर उन्होंने तीन अज्ञात बदमाशों की तलाश करने की मांग पुलिस से की।