क्राइम डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ।
कासगंज मार्ग स्थित गांव खेमगढ़ी में रविवार को प्लॉट के विवाद को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव किया गया। हवाई फायरिंग भी की गई।
तीन लोगों को सीएचसी से घायल अवस्था में रेफर कर दिया गया है। कोतवाली पुलिस ने गांव में दबिश दी और एक देसी बंदूक बरामद कर ली है। एक पक्ष ने सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एक पक्ष के सतीश पुत्र अतर सिंह ने रिपोर्ट में कहा है कि प्लॉट के विवाद को लेकर गांव निवासी रामखिलाड़ी, धर्मजीत, विनेश, वीरेश, मुकेश, सोपाली और मलखान ने लाठी-डंडों से लैस होकर उन पर धावा बोल दिया। इन लोगों ने पथराव किया और फायरिंग भी की।
पथराव और मारपीट में वीकेश, वीरेश और मलखान घायल हो गए। उन्हें सीएचसी से रेफर दिया गया है। झगड़े की सूचना पर जब अगसौली चौकी के दारोगा राजीव कुमार ने गांव में दबिश दी तो रामखिलाड़ी के घर से देसी बंदूक बरामद हुई। इसे लेकर रामखिलाड़ी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।