न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हसायन (हाथरस)
क्षेत्र के गांव वपंडई में गुरुवार की सुबह एक बछड़े को मारकर दफनाए जाने की सूचना के बाद गांव के साथ पुलिस में खलबली मच गई है। कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कोतवाली प्रभारी सुरंजन सिंह का कहना है कि गांव में कुत्तों ने हमला बोलकर बछड़े को घायल कर दिया था। मौत होने के बाद उसे दफना दिया गया।
कोतवाल का कहना है कि गोकशीकामामला बनाए जाने के उद्देश्य से कुछ लोगों ने मामले को बेवजह तूल देते हुए कई जगह पर शिकायत की थी मगर पोस्टमार्टम के बाद इस घटना में गोकशी जैसी कोई बात नजर नही आई। घटना के संबंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को गांव के ही एक व्यक्ति ने गोकशी की आशंका जाहिर करते हुए सूचना दी थी।
कोतवाल सुरंजन सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह चौहान और एसआई रामाधार यादव घटना स्थल पर पहुंच गए। पशु चिकित्सक अरविंद शुक्ला को भी बुला लिया गया। प्रशासन की अनुमति से बछड़े के शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया गया और उसके बाद उसे दोबारा दफना दिया गया। घटना के संबंध में वपंडई निवासी देवेंद्र पाठक की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।