न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। कोतवाली हाथरस गेट के श्रीराम हॉस्पीटल के पास बाइक सवारों ने स्कूटी सवार शिक्षिका के साथ चेन लूटने की घटना को अंजाम देने का प्रयास किया। यहां पर स्कूटी गिर गई और चेन टूट कर शिक्षिका के गले में फंसी रह गई।
अलीगढ़ रोड स्थित रावत कॉलोनी निवासी रेखा रावत आरपीएम इंटर कॉलेज में शिक्षिका हैं। वह मंगलवार की रात को करीब सवा आठ बजे अपनी बेटी के साथ स्कूटी पर सवार होकर बाजार से घर लौट रही थी। श्रीराम हॉस्पीटल के पास जैसे ही वह पहुंची तो पीछे से बाइक पर दो सवार आए और उनकी तरफ झपट्टा मारकर चेन तोडने की कोशिश की।
इस बीच चेन टूट कर उनके गले में फंस गई और स्कूटी गिर गई। यहां पर काफी लोगों को देख बाइक सवार चेनस्चेर भाग गए। लोगों ने शिक्षिका व उसकी बेटी को उठाया। यहां पर कुछ देर रुकने के बाद शिक्षिका बिना पुलिस को सूचना दिए ही अपने घर चली गई।