न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। रोडवेज का फर्जी टिकट घोटाला अभी भी अधिकारियों के लिए सिरदर्द बना हुआ है। पिछले दिनों सादाबाद रोडवेज बस स्टैंड के कार्यालय में आग लगने के मामले में कमिश्नर अलीगढ़ मंडल ने डीएम से आख्या मांगी है। इस कार्यालय में आग लगने और पत्रावलियों के जलने की रिपोर्ट भी इस आख्या के साथ भेजी जाएगी। वहीं आग लगने के कारण को भी दर्शाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सादाबाद रोडवेज बस स्टैंड में 22 अक्तूबर की देर रात कार्यालय का ताला तोड़कर आग लगाई थी। आग लगने के कारण कई पत्रावलियां इस आग में जल गई थीं। यहां तक कि जब 23 अक्तूबर की सुबह विभागीय अधिकारी कार्यालय पहुंचे तो उन्हें वहां जला हुआ सामान दिखाई दिया। इन हालात को देखते ही अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए थे।
इस मामले की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी गई थी। उसी समय इस आगजनी की घटना को रोडवेज विभाग में चल रहे फर्जी टिकट घोटाले से जोड़ा जा रहा था। यहां तक कि इस फर्जी घोटाले में यहां पर तैनात टिकट क्लर्क भी इस मामले में संलिप्त था। इस कारण शासन स्तर से इस आग को सोची समझी साजिश से लगे होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस मामले में संबंधित विभाग से पूरे प्रकरण में कमिश्नर के आदेशों के क्रम में डीएम के माध्यम से आख्या मांगी जा रही है।