न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के सिकंदराराऊ रोड स्थित स्वीमिंग पूल में हुई मौत के बाद पुलिस संचालक और उसके बेटों की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने संचालक सहित तीन नामजदों के खिलाफ धारा 304ए के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
उल्लेखनीय है कि सिकंदराराऊ रोड स्थित निहारिका स्वीमिंग पूल में रविवार को बुर्जवाला कुआं निवासी रिंकू जोशी पुत्र महेशचंद्र जोशी नहाने के लिए गया था। यहां पर पानी के अंदर ही उसकी हालत खराब हो गई, जिसके बाद उसके साथी उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां पर डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के हवाले कर दिया। परिजनों ने गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने मृतक युवक के पिता महेशचंद्र जोशी की तहरीर पर स्वीमिंग पूल संचालक रमेशचंद्र सिंह, पंकज पुत्र रमेशचंद्र सहित दूसरे अज्ञात बेटे के खिलाफ धारा 304 ए में मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गए हैं, पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है। एसएचओ जितेंद्र सिंह दीखित ने बताया कि स्वीमिंग पूल संचालक सहित उसके दो बेटों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश जारी है।