न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
बाइक टकराने पर दो बाइक सवारों में जमकर विवाद हुआ। दोनों पक्षों की ओर से कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एक पक्ष ने घर में घुसकर मारपीट और छेडख़ानी करने तो दूसरे पक्ष ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर गाली गलौज व मारपीट करने का आरोप लगाया है।
कूपा रोड सादाबाद निवासी जितेंद्र गौतम पुत्र बालकृष्ण गौतम ने कोतवाली में बृजेश पुत्र सोनपाल निवासी कूपाखुर्द, हरिकेश पुत्र ओमवीर निवासी गांव कूपाकलां सादाबाद व एक अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट में आरोप है कि 29 मई की शाम करीब सात बजे उसका भाई दीपक गौतम बाईपास रोड अंबेडकर पार्क के मोड़ पर अपनी बाइक से आ रहा था, तभी बृजेश पुत्र सोनपाल निवासी कूपाखुर्द सादाबाद ने अपनी बाइक से टक्कर मार दी, जब उसके भाई ने कहा कि बाइक देखकर चलाओ तो इसी बात पर बृजेश आगबबूला हो गया, जैसे तैसे उसका भाई जान बचाकर घर पर आया तो उसके पीछे पीछे बृजेश और हरिकेश व एक अन्य व्यक्ति उसके घर आ गए और घर के अंदर घुसकर उसके भाई को पकड़ लिया और मारापीटा, जब उसकी पत्नी उसे बचाने आई तो उक्त बृजेश ने अश्लील हरकत और छेडख़ानी की।
बृजेश शराब के नशे में धुत था। मौहल्ले के लोगों के आ जाने पर यह लोग जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। इधर, दूसरे पक्ष की ओर से बृजेश प्रधान पुत्र सोनपाल निवासी कूपाखुर्द सादाबाद ने कूपा रोड निवासी दीपक गौतम पुत्र बालकिशन गौतम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में आरोप है कि 29 मई को हरकेश पुत्र ओमकार सिंह उसकी बाइक मांगकर ले गया था। हरकेश घर आते समय आगरा चुंगी पर दीपक गौतम पुत्र बाल किशन गौतम ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हरकेश ने उन्हें फोन कर मौके पर बुला लिया। दीपक कहने लगा कि तू ज्यादा बड़ा प्रधान है और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर कहने लगा कि औकात में रह नहीं तो तेरी प्रधानी खत्म कर दूंगा।