क्राइम न्यूज, अमर उजाला, हाथरस।
सादाबाद गेट पर रविवार की देररात को पैसे के लेन-देन को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट व पथराव हुआ। साथ ही फायरिंग की बात भी सामने आई। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। मौके पर पुलिस फोर्स तैनात रही। सोमवार को भी घटना के बाद इलाके में कुछ दुकानें बंद रही और फोर्स तैनात रही। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में सुलह हो गई।
रविवार की रात्रि में सादाबाद गेट पर पैसे के लेन-देने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट व पथराव हुआ। घटना की सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामला देररात और बीच बाजार का होने के कारण मौके पर भारी पुलिस तैनात कर दिया गया।
यहां से दोनों पक्षों के लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मारपीट में घायल का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। रात को हुए झगड़े का असर सोमवार की सुबह सादाबाद गेट पर साफ नजर आया। यहां पर दोपहर तक बाजार बंद रहा। वहीं पुलिस बल भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मौके पर तैनात रहा।
कोतवाली में दोनों पक्षों के लोगों की काफी भीड़ मौजूद रही। दोनों पक्षों के नेता भी वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों ने आपसी बातचीत से मामले को सुलझा लिया। कोतवाल प्रवेश राणा ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों में सुलह हो गई है।किसी तरह का कोई तनाव नहीं है।