क्राइम न्यूज, अमर उजाला, हाथरस।
कोतवाली सदर क्षेत्र के मुरसान गेट विद्यापति नगर में दो बाइकों की भिड़ंत के बाद लाठी-डंडे चल गए। यहां पर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार कर, उनका शांतिभंग में चालान किया।
सोमवार सुबह विद्यापति नगर में दो युवकों की बाइकों में भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि इन दोनों युवकों के बीच पुराना भी कुछ मामला चल रहा है। तभी तो बाइक भिड़ंत के बाद दोनों पक्षों के लोग वहां पर आ गए और फिर उनके बीच जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। यह देख मौके पर अफरा तफरी मच गई।
सूचना के बाद पहुंची इलाका पुलिस दोनों पक्षों के आठ लोगों को अपने साथ कोतवाली ले गई। यहां पर दोनों ही गुटों के लोगों का जमावड़ा लग गया। आठों का पुलिस ने शांतिभंग में चालान किया।
जिनमें गगन पुत्र देवकीनंदन निवासी नयावास, प्रदीप पुत्र दलीप कुमार गांधीनगर, ओमप्रकाश पुत्र राजेंद्र कुशवाह निवासी विद्यापति नगर, राकेश पुत्र राजवीर सिंह निवासी खोंडा हजारी, सुनील पुत्र राजेंद्र निवासी मुरसान गेट, छवि व पंकज पुत्रगण कालीचरन, कालीचरन पुत्र रामेश्वर निवासी जागेश्वर गेट नंबर दो के नाम शामिल हैं।
कोतवाल प्रवेश राणा ने बताया कि दोनों पक्षों के आठ लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया है। विद्यापति नगर में पुरानी किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई थी।