सिकंदराराऊ। एटा जीटी रोड पर गांव गड़िया के सामने सोमवार को अलीगढ़ जा रही रोडवेज बस और ट्रक की टक्कर हो गई। इससे बस में बैठी करीब 15 सवारियां घायल हो गईं। बस चालक को अधिक चोट आई है। गंभीर हालत में उसे अलीगढ़ जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।
फर्रुखाबाद डिपो की बस सवारियों से खचाखच भरी हुई थी। सुबह करीब साढ़े नौ बजे सिकंदराराऊ से तीन किमी पहले गांव गड़िया के समीप अलीगढ़ की तरफ से आ रहे ट्रक से टकरा गई। चर्चा है कि ट्रक चालक के नियंत्रण खोने से दुर्घटना हुई। जोरदार टक्कर से बस की चालक साइड टूट कर पीछे चली गई। बस चालक योगेश निवासी एटा की सीट उखड़ कर पीछे जा गिरी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज झटके से सवारियां सीट पर आगे पीछे गिरी। कई महिला, पुरुष घायल हो गए। ज्यादातर घायल अन्य वाहनों से एटा इलाज के लिए चले गये। कोतवाली पुलिस ने चालक को सीएचसी भेजा। जहां प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। शाम तक इस दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।