ब्यूरो, अमर उजाला, हाथरस।
कोतवाली हाथरस गेट का नजारा शनिवार देर रात कुछ अलग था। यहां शराब के नशे में धुत 10 शराबी अपनी मां की कसम खाकर यह शपथ ले रहे थे कि वह कभी भी होटल-ढाबे पर शराब नहीं पीएंगे।
पुलिस ने देर रात छापेमारी कर अलीगढ़ रोड स्थित एक ढाबे से 11 शराबियों को रंगे हाथ पकड़ लिया और थाने ले आई। इनमें कई संपन्न परिवारों से ताल्लुक रखते थे। आरोपियों में एक नाबालिग भी था। शराबियों को छुड़ाने के लिए सिफारिशों का सिलसिला कई घंटे चला। कई नेताओं ने पुलिस अधिकारियों को फोन किया।
पुलिस ने नाबालिग को छोड़कर बाकी सभी 10 आरोपियों का आबकारी अधिनियम की दफा 34 के तहत चालान कर दिया। आरोपियों को छोड़ने से पहले थाने में शपथ ग्रहण कार्यक्रम कराया गया। सभी को एक साथ खड़ा कर कोतवाली निरीक्षक जेएस पवार ने मां की कसम दिलाई कि वह फिर कभी होटल-ढाबों पर शराब नहीं पीएंगे। हालांकि आरोपी शपथ लेने के समय नशे में थे, लेकिन उन्होंने शपथ लेते हुए फिर कभी इस तरह शराब न पीने का भरोसा पुलिस को दिलाया।