न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मारपीट के बाद तमंचा लहराने वाले एक युवक को लोगों ने तमंचे सहित पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान वहां खासा हंगामा भी हुआ।
मंगलवार की रात को करीब पौने आठ बजे कुछ लोग कार में सवार होकर डिब्बा गली से होकर गुजर रहे थे। इस दौरान यहां पर एक निर्माणाधीन मकान से कार टकरा गई। इससे मकान में थोड़ा नुकसान हो गया। इस पर मकान स्वामी ने कार सवारों को रोक लिया और उसने नुकसान की भरपाई करने की बात कहने लगा। इस बात को लेकर यहां पर मारपीट हो गई और हंगामा खड़ा हो गया।
एक युवक वहां मकान स्वामी के पक्ष में तमंचा ले आया और कार सवारों को धमकाने लगा। तमंचा देखकर वहां स्थिति बिगड़ गई, लेकिन इस दौरान कुछ लोगों ने तमंचाधारी युवक को पकड़ लिया। इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर कोतवाली सदर के एसआई रामपाल सिंह, एसआई अनिल कुमार और अन्य पुलिसकर्मी इस युवक को थाने ले आए। पकड़े गए युवक कन्हैया का पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत चालान किया है।