न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
कस्बे के कृष्णा गार्डन मैरिज होम में एक शादी समारोह में से जयमाला के कार्यक्रम के वक्त वधू के पिता का तीन लाख रुपये से भरा बैग चोरी हो गया। इससे समारोह में हड़कंप मच गया। सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने मौके से कुछ युवकों को पूछताछ के लिए अपनी हिरासत में ले लिया है। इस संबंध में पीड़ित ने कोतवाली में भी तहरीर दी है।
सलेमपुर रोड विनोबा नगर सादाबाद निवासी धीरेंद्र शर्मा पुत्र रामहरि शर्मा ने बताया कि कृष्णा गार्डन में 27 अप्रैल को उनकी बेटी बिट्टू की शादी थी। 28 अप्रैल की सुबह करीब डेढ़ बजे जयमाला कार्यक्रम शुरू हुआ तो उसी दौरान उन्होंने वर वधू को आर्शीवाद देने के लिए अपना बैग, जिसमें तीन लाख रुपये थे उसे टेबल पर रख दिया बाद में बैग टेबल पर नहीं था। शोर मचाने पर वहां काफी लोग इकट्ठे हो गए।
मौके पर मौजूद श्यामहरी ने बताया कि बैग को उसने दो लोगों को ले जाते हुए देखा है, लेकिन तब तक यह दोनों वहां से भाग गए। मैरिज होम संचालक को फोन करने के बाद इनमें से एक व्यक्ति को मौके पर बुलाया गया तो इस व्यक्ति ने बैग चोरी की घटना को स्वीकार नहीं किया। बैग चोरी की इस घटना को लेकर देर रात तक शादी समारोह में काफी हंगामा होता रहा। फिलहाल, पुलिस इस मामले में कई युवकों से पूछताछ कर रही है।