ब्यूरो अमर उजाला, हाथरस।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला खान के तमाम लोग शनिवार सुबह कोतवाली पहुंचे और पास के गांव गढ़ी जैनी और टिपरस के लोगों पर उनके गांव के कब्रिस्तान की हदबंदी तोड़ने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने कब्रिस्तान में कब्रों को तोड़ने और विरोध किए जाने पर फायरिंग करने का आरोप भी लगाया है। पुलिस शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की बात कह रही है।
नगला खान के इसाक मोहम्मद, दीन मोहम्मद, चांद, काले खां, राझे खां, एमद खां, जमालुद्दीन, बूंदी खां व साबू समेत कई लोगों ने कोतवाली निरीक्षक जेएस पवार को बताया कि पांच जुलाई को आरोपियों ने जलेसर रोड स्थित कब्रिस्तान की जगह को अपना बताते हुए हदबंदी को तोड़ना शुरू कर दिया। आरोपी कब्रिस्तान के चारों ओर तहसील के कर्मियों द्वारा लगाए गए खंभे और कटीले तारों को उखाड़कर ले गए। यही नहीं उन्होंने कई कब्रों को भी नुकसान पहुंचाया।
जब गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें धमकाया और फायरिंग करते हुए चले गए। इससे पहले भी मई 2016 में आरोपी कब्रिस्तान की कब्रों को नुकसान पहुंचा चुके हैं। तब प्रशासन ने हदबंदी कराकर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी कब्रिस्तान की जगह को अपना बताते हैं जबकि कब्रिस्तान की गाटा संख्या अलग है। कोतवाल जेएस पंवार ने कहा है कि मामले की जांच कराई जाएगी। इसके बाद आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।