न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
आपने आम लोगों, व्यापारियों के बैंक खातों से रूपये पार होने के बारे में सुना होगा, लेकिन इस बार शातिरों ने थाना पुलिस के उपनिरीक्षक रामगोपाल यादव के बैंक खाते से 1.60 लाख रुपये पार कर दिए। यह रुपये एटीएम के जरिए तीन बार में पार किए गए। मोबाइल पर आए मैसेज के बाद उन्हें अपने साथ हुई इस धोखाधड़ी के बारे में पता चला।
उपनिरीक्षक रामगोपाल यादव ने बताया कि घटना को झारखंड के किसी अज्ञात व्यक्ति ने अंजाम दिया है। चार मार्च को उनके खाते से 80 हजार, पांच और छह मार्च को 40, 40 हजार रूपये निकाले गए। जब रात को उनके मोबाइल पर रूपये निकालने के संबंध में मैसेज आए, तब उन्हें घटना की जानकारी हुई।
फिलहाल उन्होंने अपने बैंक खाते को बंद करा दिया है, लेकिन तथ्यपूर्ण बात यह है कि जब एटीएम से 20 हजार रुपये तक निकलने की लिमिट है तो एटीएम के जरिए खाते से एक बार में 80 हजार और 40 हजार रुपये कैसे पार हो गए। फिलहाल इस मामले की तहकीकात कराई जा रही है। इस घटना की कोतवाली पर चर्चा थी।