क्राइम डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
थाना हाथरस कोतवाली पुलिस ने एक शातिर को दबोचा है और उसके कब्जे से विभिन्न बैंकों के 16 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। इन बदमाशों के पास से कॉरपोरेशन बैंक का एटीएम कार्ड भी मिला है, जो इन्होंने पिछले दिनों चुराया था। शातिर बदमाशों के पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड और एक जोड़ी झुमके बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करता था।
हरवंश विहार कॉलोनी निवासी अरुण कुमार पुत्र अखिलेश कुमार गौतम के एटीएम कार्ड को तीन लड़के पिछले दिनों चोरी कर ले गए थे, उस समय यह तीनों स्विफ्ट डिजायर कार में सवार थे । इसकी जानकारी पुलिस को मंगलवार की देर रात्रि हुई तो पुलिस ने पॉलिटेक्निक के निकट से एक शातिर बदमाश को गाड़ी सहित दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
पकड़े गए शातिर बदमाश ने अपना नाम आयुष कुमार पुत्र सोमवीर सिंह निवासी इंद्रापुरी थाना लोनी गाजियाबाद बताया। इसके पास से पुलिस ने विभिन्न बैंकों के 16 एटीम कार्ड, 01 पैन कार्ड, एक आधार कार्ड और एक जोड़ी झुमके भी बरामद किए थे। आयुष ने अपने साथियों के नाम सुनील निवासी सुपर टैंक अपार्टमेंट मेरठ व आशीष बताएं हैं।