हाथरस। जिले में चल रहे सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत शनिवार को परिवहन विभाग द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे दोपहिया वाहनों और बिना हेलमेट के फर्राटा भरने वाले चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान का नेतृत्व एआरटीओ प्रवर्तन दिनेश कुमार और यात्री कर अधिकारी रामबाबू ने किया। अधिकारियों की टीम ने शहर के प्रमुख चौराहों व मुख्य मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए मानक के विपरीत साइलेंसर लगाकर तेज आवाज निकालने वाली बाइकों के चालान काटे और कई के साइलेंसर मौके पर ही उतरवाए। इसके साथ ही बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले दोपहिया चालकों पर भी जुर्माना लगाया गया।
अधिकारियों ने वाहन चालकों को जागरूक भी किया। दोनों अधिकारियों ने चालकों से अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना स्वयं और दूसरों के जीवन की रक्षा के लिए बेहद जरूरी है। संवाद