जाम लगा रहे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को समझाते शहर कोतवाल। संवाद
- फोटो : Samvad
शहर के मोहल्ला खाती खाना में मंगलवार शाम बिजली के एक खंभे में उतरे करंट की चपेट में आकर एक गोवंश की जान चली गई। इस पर गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया। गुस्साए लोगों के समर्थन में बजरंग दल के तमाम कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर गुस्साए लोगों को समझा कर एक घंटे बाद जाम खुलवाया।
मंगलवार शाम करीब छह बजे खाती खाना में विद्युत तारों की मरम्मत के बाद आपूर्ति बहाल की गई। आपूर्ति बहाल होते ही बिजली के एक खंभे में करंट उतर आया। इसकी चपेट में आकर एक गोवंश की मौत हो गई। इस पर स्थानीय लोगों ने मौके पर जाम लगा दिया। बजरंग दल के कार्यकर्ता भी सूचना मिलने पर पहुंच गए।
किशन भारती के नेतृत्व में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। करीब एक घंटे तक जाम लगाए जाने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को समझाया और जाम खुलवाया। जेसीबी बुलाकर गोवंश के अंतिम संस्कार करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। इस दौरान तमाम वाहनों को करीब डेढ़ किलोमीटर का चक्कर लगाकर सक्यूलर रोड से अन्य रास्तों की ओर जाना पड़ा।