सादाबाद में साप्ताहिक बंदी के बावजूद बाजार में उमड़ी भीड़।
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
बुधवार को सादाबाद में साप्ताहिक बंदी की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। बुधवार को लगने वाले पटरी बाजार में इतनी अधिक भीड़ उमड़ी कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए तय गाइड लाइन का पालन ही नहीं हुआ। सामाजिक दूरी बनाए रखने और मास्क लगाने के नियम भी तार-तार हो गए। जिम्मेदार अधिकारी भी इससे बेसुध बने रहे।
गौरतलब हो कि कोरोना संक्रमण को लेकर तय गाइडलाइन का पालन कराना जहां प्रशासन के लिए अनिवार्य है तो वहीं लोगों के लिए कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए इस गाइडलाइन का पालन करना आवश्यक है, लेकिन कोरोना संक्रमण को लेकर लोगों ने अब लापरवाही बरतना शुरू कर दी है। बाजार में काफी भीड़ एकत्रित हो रही है। सामान खरीदते वक्त वह न तो सामाजिक दूरी का पालन कर रहे हैं और न मास्क लगा रहे हैं।
वहीं, साप्ताहिक बंदी के दिन एक तरफ पटरी बाजार लगा तो दूसरी तरफ बंदी का पालन न करते हुए दुकानदारों ने अपनी दुकानों को खोला, इससे बाजार में अच्छी खासी भीड़ हो गई। बाजार में दुकान के आगे दुकान लग गई, जिससे जहां एक तरफ साप्ताहिक बंदी की धज्जियां उड़ती रहीं तो दूसरी तरफ कोरोना गाइडलाइन का पालन भी नहीं हो सका। एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए, कोरोना संक्रमण से जागरूकता ही बचाव है। उन्होंने बताया कि कोरोना गाइडलाइन का पालन कराया जाएगा।