संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
पुरदिलनगर रोड के गांव नगला उदईया व सराय के समीप सुहावली राजवाहे की पटरी कटने से कई गांवों में गेहूं, मटर, आलू, जौ, बरसीम की फसलें डूब गईं। इससे फसलों को काफी नुकसान हुआ है। पीड़ित किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि क्षति का शीघ्र आकलन कर मुआवजा नहीं मिला तो तहसील का घेराव किया जायेगा।
बता दें कि राजवाहे में सिंचाई विभाग ने लापरवाही से उसकी क्षमता से कहीं अधिक पानी छोड़ दिया। जिससे पानी राजवाहे की पटरी पर बहने लगा। पानी के तेज बहाव से गांव सराय के निकट खंदी कट गई। इससे खंदी के सहारे वासदेव, ओमप्रकाश, बॉबी, हरीश पाल, मनोज आदि की फसल पानी में डूब गईं। दूसरी खंदी गांव नगला उदईया के समीप कट गई। इससे सैकड़ों एकड़ फसलें जलमग्न हो गई है। यहां पर किसानों का लाखों का नुकसान हुआ है।