संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोरोना का कहर जारी है। एक कोरोना संक्रमित पुलिसकर्मी व एक कारोबारी की मौत हो गई। दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उक्त पुलिसकर्मी ने जहां गुजरात के बडौदरा के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया, वहीं कारोबारी की मृत्यु गुरुग्राम के एक अस्पताल में हो गई। इधर, जिले में 14 अन्य लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। इनके परिजनों को क्वारंटीन करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिसकर्मी की मौत के बाद पुलिस विभाग में खासी खलबली भी देखी गई। वहीं कारोबारी की मौत के बाद शहर में शोक की लहर दौड़ गई।
कोतवाली हाथरस गेट में तैनात उर्दू अनुवादक के रूप में एक पुलिसकर्मी तैनात था। वह मूल रूप से ग्राम सुजावलपुर थाना गंजडुंडवारा जनपद कासगंज का रहने वाला था। उसके परिजन बड़ौदरा गुजरात में रहते हैं। जिनसे मिलने के लिए पुलिस कर्मी सात जून से 20 दिन के ईएल अवकाश पर गया था। वहीं पर उसकी तबियत अचानक से खराब हुई। कई दिन तक बुखार आया और फिर परिजनों ने 20 जून को उनका कोरोना संबंधी टेस्ट कराया। उसकी जांच पॉजीटिव आई। जिस पर उन्हें परिजनों ने वहीं के एक अस्पताल में भर्ती करा दिया। रविवार की शाम करीब पांच बजे इलाज के दौरान पुलिस कर्मी की मौत हो गई। इस बात की सूचना मृत सिपाही के बेटे ने कोतवाली हाथरस गेट प्रभारी को सरकारी नंबर पर फोन कर दी। इससे उसके सहकर्मियों में शोक व्याप्त हो गया। वहीं कुछ पुलिसकर्मियों में खलबली भी मची रही। इधर, शहर के मालिन गली निवासी 52 वर्षीय एक कारोबारी की पिछले दिनों तबियत खराब हो गई थी। उन्हें उपचार के लिए गुरुग्राम के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया था। वहां उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
अब रविवार की रात्रि में इस कारोबारी ने भी बीमारी के चलते वहीं दम तोड़ दिया। उसके परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार भी वहीं कर दिया। इससे पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। उसके गेस्ट हाउस आदि भी हैं। वहीं जिले के कोरोना के 14 अन्य मामले सामने आए हैं। हाल में औद्योगिक क्षेत्र में आठ लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। अब उसी परिवार के चार अन्य परिजन, जोकि चामड़ गेट क्षेत्र के हैं, भी कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इनमें 43 वर्षीय एक युवक, 36 वर्षीय एक महिला, 68 वर्षीय एक वृद्ध, 14 वर्षीय किशोरी शामिल है। साथ ही आशीर्वाद गार्डन निवासी रिटायर एपीओ के परिवार के भी दो लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें 20 वर्षीय एक युवक व 15 वर्षीय किशोर शामिल है। इसके अलावा 28 वर्षीय ओडपुरा निवासी एक युवक, 44 वर्षीय चेतन धाम कॉलोनी निवासी एक युवक , 40 वर्षीय दवा कारोबारी निवासी चौबे वाली गली, 45 वर्षीय युवक सादाबाद गेट के अलावा गणेशगंज निवासी एक महिला भी पॉजिटिव पाई गई है। 20 वर्षीय युवक निवासी रमनपुर व सादाबाद गेेट निवासी 15 वर्षीय एक अन्य युवक की पॉजिटिव पाया गया है। इसके अलावा हाथरस जंक्शन निवासी एक स्वास्थ्य कर्मी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। विभाग इनके परिजनों को क्वारंटीन कराने की तैयारी में लगा था।