न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
जिले की सभी सीएचसी, पीएचसी और मलखान सिंह जिला अस्पताल व महिला चिकित्सालय में आने वाले हरेक मरीज की आज से कोरोना जांच होगी। जिलाधिकारी ने शुक्रवार को हुई कोरोना की समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग को यह निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट परिसर में हुई समीक्षा बैठक में डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि जनपद के समस्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मलखान सिंह जिला अस्पताल एवं महिला चिकित्सालय में बूथ लगाकर कोविड-19 की जांच हेतु सैंपलिंग कराई जाए। इसके अतिरिक्त सभी सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में आने वाले मरीजों की पहले कोविड-19 की जांच एंटीजन किट के माध्यम से की जाए, इसके बाद उनका पर्चा बनाया जाए। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि वह उपायुक्त उद्योग से समन्वय स्थापित कर जनपद की समस्त औद्योगिक इकाइयों/ फैक्ट्रियों की सूची तैयार कर उनमें तैनात समस्त अधिकारियों/कर्मचारियों/मजदूरों की कोविड-19 की जांच आरटीपीसीआर सैंपलिंग के जरिये की जाए।
डीएमओ ने अवगत कराया कि कोविड-19 से संक्रमित मरीजों के प्राथमिक संपर्क वाले कोविड-19 की जांच नहीं करा रहे हैं। इस पर निर्देश दिए कि जो व्यक्ति प्राथमिक संपर्क की श्रेणी में आता है, उनकी कोविड-19 की जांच कराना आवश्यक है। यदि उनके द्वारा कोविड-19 की जांच में अपेक्षित सहयोग नहीं प्रदान किया जा रहा है तो पुलिस से कार्रवाई कराई जाए।