यूपी बोर्ड की कॉपियां जमा कराने जाते कर्मी। संवाद
- फोटो : Samvad
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं में उत्तर पुस्तिकाओं को असुरक्षित तरीके से ले जाने के संबंध में अमर उजाला की खबर पर माध्यमिक शिक्षा विभाग सख्त नजर आया। विभागीय निर्देशों के बाद शनिवार से चार पहिया वाहनों में प्रयोगशुदा उत्तरपुस्तिकाओं को ले जाने का काम शुरू कर दिया गया।
नियमों के अनुसार परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को सीलबंद कर चार पहिया वाहन से सुरक्षा कर्मी की निगरानी में नोडल केंद्र तक पहुंचाया जाना अनिवार्य है। इस व्यवस्था का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए नोडल केंद्र पर दो कर्मियों को विशेष रूप से तैनात किया गया है, जो दो पहिया वाहन से उत्तर पुस्तिकाएं लाने वालों पर निगरानी रख रहे हैं।
शनिवार को अधिकांश केंद्र व्यवस्थापक चार पहिया वाहनों से सरस्वती इंटर कॉलेज में उत्तर पुस्तिकाएं लेकर पहुंचे। हालांकि कुछ स्थानों से दो पहिया वाहन से पहुंचने वालों को कड़ी चेतावनी भी दी गई। इस बीच कई केंद्र व्यवस्थापकों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि बोर्ड परीक्षा व्यवस्थाओं के लिए अलग से कोई बजट उपलब्ध नहीं कराया जाता।
ऐसे में निजी स्तर पर चार पहिया वाहन की व्यवस्था करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। डीआईओएस संत प्रकाश का कहना है कि उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का पालन न करने पर संबंधित केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।