सुबह तड़के ठेकेदार मुनेंद्र उपाध्याय टहलने गए थे। आगरा रोड स्थित गिजरौली से कलवारी जाने वाले रास्ते पर एफसीआई गोदाम के सामने हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं और ईंटों से प्रहार किया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सुबह टहलने गए ठेकेदार पर बदमाशों ने गोली और ईंटों से हमला कर दिया। जिससे ठेकेदार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मृतक के साले को हिरासत में लिया है।
विज्ञापन
हाथरस जंक्शन ग्वारऊ के रहने वाले और गणेश सिटी के हाल निवासी 48 वर्षीय मुनेंद्र उपाध्याय पुत्र पुरूषोत्तम दास ठेकेदारी का काम करते थे। आज 19 जुलाई को सुबह तड़के वह टहलने गए थे। आगरा रोड स्थित गिजरौली से कलवारी जाने वाले रास्ते पर एफसीआई गोदाम के सामने हमलावरों ने मुनेंद्र उपाध्याय पर गोलियां चला दीं और ईंटों से प्रहार किया। मौके पर ही मुनेंद्र की मौत हो गई।
साला हिरासत में
वारदात की सूचना पर कोतवाली सदर प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी निपुण अग्रवाल सहित आलाधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम हमलावरों की तलाश में जुट गई है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक के परिजनों से ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय और कोतवाली सदर प्रभारी ने घटना की जानकारी ली। पुलिस ने परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही पुलिस ने नामजद मृतक के साले अमित शर्मा को हिरासत में लिया है।
थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत कलवारी रोड पर एक व्यक्ति की हत्या की घटना में परिजनों को तहरीर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए एक नामजद अभियुक्त को हिरासत में ले लिया गया है ।-अपर पुलिस अधीक्षक, हाथरस