पुरदिलनगर विद्युत उपकेंद्र पर धरना-प्रदर्शन करते संविदा कर्मी। संवाद
- फोटो : Samvad
हाथरस जंक्शन मार्ग स्थित सलेमपुर बिजलीघर पर बुधवार को संविदा बिजली कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में जिलेभर से बड़ी संख्या में संविदा कर्मी शामिल हुए। कर्मचारियों ने विद्युत निगम और शासन से समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि आउटसोर्स सेवा निगम में पावर कॉरपोरेशन और उसके वितरण सहयोगी निगमों को शामिल किया जाए। इसके अलावा फेशियल अटेंडेंस प्रणाली में लॉगआउट की व्यवस्था समाप्त करने, समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने की मांग उठाई।
यह भी मांग उठाई कि कार्य के दौरान घायल होने वाले कर्मचारियों को कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाए और वर्ष 2023 में हटाए गए कर्मचारियों को दोबारा सेवा में लिया जाए। चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और इसे और व्यापक बनाया जाएगा।
मौके पर जिलाध्यक्ष प्रकाश उपाध्याय, मोनू पंडित, हरिशंकर शर्मा, संगठन मंत्री भूपेंद्र कुमार, राजेश पाठक, रियाज मोहम्मद, प्रदेश अध्यक्ष अनुराग, गणेश तोमर, रवि कुमार, पुनीत कुमार आदि मौजूद थे।