संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
जागो ग्राहक जागो की थीम के साथ अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत सादाबाद द्वारा बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय ग्राहक उपभोक्ता दिवस मनाया गया। सुभाष गली स्थित श्री वासुदेव विद्या मंदिर में हुए कार्यक्रम में उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया और आह्वान किया गया कि प्रत्येक उपभोक्ता को अपने अधिकारों के प्रति सजग और जागरूक रहना चाहिए।
शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय संगठन मंत्री उत्तर पश्चिम भारत भगवती प्रसाद शर्मा ने मां सरस्वती के छविचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह संविधान हमें नागरिकता का अधिकार प्रदान करता है, ठीक उसी प्रकार खरीदार होने के साथ ही हमारे पास अपने अधिकार होते हैं। सबसे पहला अधिकार उपभोक्ता को दिए गए मूल्य की कीमत का पूरा सामान मिलना है। उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम उपभोक्ताओं को उनका अधिकार देने के लिए लागू किया गया है। इस अधिनियम के तहत कोई भी उपभोक्ता अनुचित व्यापार की शिकायत कर सकता है।
अध्यक्षता कर रहे रिटायर्ड प्रोफेसर डॉ. आरएन शर्मा ने कहा कि उपभोक्ता थोड़ी भी सावधानी बरते तो वह धोखा नहीं खा सकता। उपभोक्ताओं को चाहिए कि वह दुकानदार से कोई भी खाद्य सामग्री या वस्तु खरीदते समय उसकी अच्छी तरह से जांच करे कि कहीं वह सामग्री या वस्तु पुरानी तो नहीं है तथा दुकानदार से बिल अवश्य प्राप्त कर लेें। विशिष्ट अतिथि चेयरमैन रविकांत अग्रवाल ने कहा कि उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के तहत उपभोक्ताओं की शिकायतों का शीघ्र, सरल व कम खर्चे में निवारण करने व क्षतिपूर्ति की व्यवस्था है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से खरीदारी करते समय सतर्क रहने की अपील की। कार्यक्रम में खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के सदस्य महेंद्र सिंह आचार्य, भाजपा जिला महामंत्री प्रीती चौधरी, डॉ. महेंद्रपाल शर्मा, डॉ. देवचंद्र गौड़, रामहरि चाहर, अशोक चौधरी ने भी उपभोक्ताओं से सजग और सतर्क रहने का आह्वान किया। इस मौके पर प्रांतीय सह संगठन मंत्री राजेंद्र अग्रवाल एडवोकेट, जिलाध्यक्ष महावीर सिंह तोमर, जिला मंत्री राजकुमार पाराशर, जिला कोषाध्यक्ष सुरेशचंद्र वार्ष्णेय, नगर संयोजक अनुज गौड़, दिनेशचंद्र धनगर, राकेश वर्मा, दिनेशचंद्र वार्ष्णेय डैनी, प्रेमवीर सिंह, जयवीर सिंह, तेजवीर सिंह, हेमंत गौतम, राहुल चौधरी आदि थे।