नगर पंचायत सासनी क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए करीब 79 लाख रुपये से विकास कार्य कराए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर पंचायत की ओर से 15वें वित्त आयोग के तहत विभिन्न निर्माण कार्यों का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलने के बाद कस्बे में सड़क, नाली और पेयजल व्यवस्था से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।
कस्बे के विभिन्न वार्डों में लंबे समय से जल निकासी और क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या बनी हुई है। सुधार के लिए प्राथमिकता के आधार पर कई विकास कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें सीसी सड़क निर्माण, नाली निर्माण, इंटरलॉकिंग कार्य तथा पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े कार्य शामिल हैं।
नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि शासन स्तर से धनराशि स्वीकृत होते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर निर्माण कार्य धरातल पर शुरू करा दिए जाएंगे। प्रयास रहेगा कि मानसून से पहले अधिकतर कार्यों को प्रारंभ करा दिया जाए, जिससे लोगों को जलभराव और आवागमन की समस्या से राहत मिल सके। अधिशासी अधिकारी विकास कुमार जैन ने बताया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा और कार्यों की नियमित निगरानी भी कराई जाएगी, ताकि यह कार्य तय मानकों के अनुरूप पूरे हो सकें।