संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
प्रदेश में यूरिया की किल्लत को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता और पदाधिकारियों ने बुधवार को एसडीएम राजेश कुमार को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में नगर अध्यक्ष अनुज शर्मा ने कहा कि पूरे प्रदेश में यूरिया की भारी किल्लत है। यह स्थिति उस समय पैदा हुई है, जब धान के लिए यूरिया की सबसे अधिक आवश्यकता है। अगर धान की फसल के लिए जल्द यूरिया नहीं मिला तो इससे फसल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। सहकारी समितियों में यूरिया की कमी के कारण इसकी कालाबाजारी होने लगी है। यूरिया खाद की कमी से किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में सरकार को सहकारी समितियों और खुले बाजार में भरपूर मात्रा में यूरिया उपलब्ध करानी चाहिए, जिससे किसान को परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा लॉकडाउन में बिजली के बिलों ने किसान की कमर तोड़ दी है।
बिजली विभाग द्वारा काफी बढ़ोतरी कर बिल भेजे गए हैं। इस मौके पर जितेंद्र गौतम, जिला महासचिव अंकित चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश चौधरी, जिला उपाध्यक्ष जैनुद्दीन एडवोकेट, विकास चौधरी, विजय चौहान, आकाश, ओम चौधरी, जगत रावत, शैलेंद्र उपाध्याय, योगेंद्र सिंह, संतोष शर्मा, मोहम्मद अस्मत, हरिओम चौधरी आदि लोग मौजूद थे।