डॉ. गोपाल वर्मा ने बताया कि हड्डी और जोड़ों के दर्द और सर्वाइकल की स्थिति में बिना चिकित्सक की सलाह के कोई भी अभ्यास या योग न करें। इससे समस्या और बढ़ सकती है। दर्द की स्थिति में बिना चिकित्सक की सलाह के कोई भी पेन किलर या अन्य दवाई का सेवन न करें। सर्दियों में लोग ज्यादातर समय पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनते हैं। इससे शरीर को सूर्य की रोशनी नहीं मिल पाती है, जबकि तापमान में ठंडक होने के कारण शरीर की नसें सिकुड़ती हैं। ऐसे में लोग अकसर हड्डी और जोड़ों के दर्द की चपेट में आते हैं। धूप में बैठें और त्वचा को धूप लगने दें, पानी उचित मात्रा में पीएं एवं खाने का ध्यान रखें। बिना चिकित्सक की सलाह एक्सरसाइज और दवाई का सेवन न करें, हीटिंग पैड का प्रयोग ज्यादा समय तक न करें। गर्म पानी की सेक घुटने पर लगाते रहें।
ये हैं लक्षण
- सर्दियों में उन लोगों को यह समस्या अधिक होती है, जिन्हें पहले कोई चोट लगी हो या जिन लोगों में विटामिन डी की कमी हो। इसके अलावा जिन लोगों को पूर्व में भी जोड़ों का दर्द है, उन्हें सर्दियों में यह समस्या अधिक हो जाती है।
- थकान, कमजोरी, तेज एवं धीमा दर्द होना, रह-रहकर उठने वाला दर्द, जोड़ों को छूने पर दर्द होना, जोड़ों में अकड़न, सर्वाइकल की स्थिति में गर्दन दर्द, कमर दर्द आदि शामिल हैं।
मुझे सर्दी के कारण घुटनों में कुछ ज्यादा ही परेशानी होने लगी है। इसी समस्या को दिखाने के लिए अस्पताल आई हूं। -जसवेंदर कौर, मरीज।
मेरी सास को दर्द की समस्या है। कई दिनों से परेशान हैं, अब जिला अस्पताल आया हूं, ताकि वह दवा खाकर ठीक हो सकें। -दिलीप कुमार, मरीज।
गलन भरी सर्दी में घुटनों की समस्या तो हो ही रही है। त्वचा से संबंधी परेशानी भी होने लगी है। -रफीक, मरीज।
बच्चे को स्किन की समस्या हो गई। उसी को दिखाने के लिए जिला अस्पताल आया हूं। -विकास, तीमारदार।