हाथरस के मेला श्री दाऊजी महाराज के आयोजन में तैयारियों की रूप रेखा बनाने के लिए विगत में हुई बैठक में दिवंगतों को निमंत्रण भेजे जाने के मामले की अमर उजाला में प्रकाशित खबर का सीएम कार्यालय ने संज्ञान ले लिया है। सीएम कार्यालय ने आख्या तलब की है। आख्या तलब होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। इस सूची को तहसीलों में भेजकर सूची में नामित लोगों का सत्यापन कराया जा रहा है। इसके बाद नाम हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 21 सितंबर से मेला श्री दाऊजी महाराज शुरु होगा। प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शुरुआती दौर में ही ऐसी लापरवाही सामने आई है, जिसने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। प्रशासन की ओर से मेले की तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया था। इस बैठक के लिए प्रशासन की ओर से निमंत्रण पत्र जारी किए गए।
हैरानी की बात यह रही कि निमंत्रण पत्र में ऐसे नाम शामिल जो कि शहर की एक पहचान हुआ करते थे। शहर की पहचान रखने वाले दिवंगत हुए विश्व विख्यात कवि निर्भय हाथरसी को जिला प्रशासन ने मेले का न्योता भेजा है। इतना ही नहीं दिवंगत हुए शहर के कुछ जनप्रतिनिधियों, समाज सेवियों, उद्योगपतियों को निमंत्रण भेजा गया है।
अब अमर उजाला की इस खबर का सीएम कार्यालय ने संज्ञान लिया है। सीएम कार्यालय ने इस मामले में पूरी रिपोर्ट तलब की है। सीएम कार्यालय के संज्ञान के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। प्रशासन की ओर से इस सूची को तहसीलों में भेज दिया गया है। इस निमंत्रण सूची में शामिल नामों का सत्यापन कराया जा रहा है, जिससे कि मृतकों के नाम हटाने की कार्रवाई की जा सके।